बहुत कहते थे ना तुम सब, कि वो किसी काम का नहीं,
करता क्या है, मशगूल कहाँ रहता है, ये किसी को पता ही नहीं।
तुम्हें शक था उसकी नीयत पर, उसकी काबिलियत पर,
मैं कहता रहा कि वो सब ठीक कर देगा, भले मन में थोड़ा लगता था डर।
उसके लिए रोया मैं, पूजा की, उसकी सेहत के लिए डरा रहा,
उसको उसकी गलतियाँ ज़रूर बताई, पर हमेशा साथ खड़ा रहा।
उसने नए शौक और ग़म बहुत पाल लिए, कई रिश्तों का विश्वास तोड़ दिया,
वो अपनी कहता रहा, मैं सुनता रहा, लेकिन कहीं न कहीं उसने मुझे सुनना छोड़ दिया।
हम अब साथ नहीं हैं, वो मुझसे बात नहीं करता है,
सोचता होगा, इसकी इतनी हिम्मत, कि यह मुझसे सवाल करता है!
आज कहने वाले सब हार गए, आज नतीजा आया है,
इस मतलबी दुनिया में और ज़्यादा मतलबी हो जाने की दौड़ में,
आज मेरा दोस्त, अव्वल आया है।

No comments:
Post a Comment